गिरिडीह, 25 जुलाई 2025 – राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बदडीहा में साइकिल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें झारखंड सरकार के मंत्री चमरा लिंडा व सुदीव्य कुमार समेत उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री लिंडा ने बच्चों को मेहनत करने व शिक्षा से जुड़ाव बनाए रखने की प्रेरणा दी और कहा कि बड़ा सपना देखना अच्छी बात है, लेकिन उसे पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम जरूरी है।

उन्होंने बच्चों से विद्यालय न छोड़ने की अपील की। वहीं, मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य की नींव है और सरकार इसके लिए कई योजनाएं चला रही है। उपायुक्त ने बताया कि जिले में 38,157 बच्चों को साइकिल और हजारों छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया है। कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से साइकिल और छात्रवृत्ति का वितरण भी किया गया।













