गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड में भारत बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला, जहां भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक राजकुमार यादव के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। थाना मोड़ पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर घंटों तक आवागमन को ठप कर दिया, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चारों नए श्रम कोड को वापस लेने की मांग की। राजकुमार यादव ने श्रम कोड को मजदूरों के लिए “काला कानून” बताया और कहा कि यह कानून पूंजीपतियों के हित में है, जिससे मजदूरों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार ने मजदूरों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन और तेज होगा। धरने में शामिल लोगों ने मजदूर एकता और हक की लड़ाई को लेकर संकल्प लिया। भारत बंद के समर्थन में कई दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने भी आंशिक रूप से अपने दरवाजे बंद रखे, जिससे बंद का असर इलाके में साफ तौर पर देखा गया।



