गिरिडीह के युवा कला प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है। कला के क्षेत्र में सक्रिय संस्था ‘द रंग’ गिरिडीह कॉलेज के सहयोग से ‘द रंग राजन रंगशाला महोत्सव 2025’ का आयोजन करने जा रही है। यह महोत्सव 1 से 3 जून तक गिरिडीह कॉलेज के बहुउद्देशीय भवन में आयोजित होगा, जिसमें पूरे देश से कलाकार हिस्सा लेंगे।
इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में झारखंड समेत दिल्ली, मुंबई, उड़ीसा, कोलकाता और उत्तर प्रदेश की नाट्य मंडलियाँ भाग लेंगी। संस्था के सचिव पुरुषोत्तम कुमार ने जानकारी दी कि महोत्सव में 18 नाटक और 6 नृत्य प्रस्तुतियाँ होंगी, जिनकी कुल संख्या 60 से अधिक रहेगी।
महोत्सव में गिरिडीह विधायक और राज्य के नगर विकास, कला एवं संस्कृति मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, तथा उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों में संस्था की अध्यक्ष श्रुति सिन्हा सहित कई युवा सदस्य दिन-रात जुटे हैं।
प्रेस वार्ता में गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनुज कुमार, देवेन्द्र सिंह, प्रो. मृगेन्द्र नारायण सिंह और रामजी प्रसाद यादव भी उपस्थित थे। यह महोत्सव न केवल स्थानीय कलाकारों को मंच देगा, बल्कि गिरिडीह को राष्ट्रीय कला मानचित्र पर भी मजबूत करेगा।



