गिरिडीह जिले के डुमरी अनुमंडल अंतर्गत कुलगो टोल प्लाजा के पास सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ, जब एक तेज रफ्तार कंटेनर (HR38AC2678) ने एक अज्ञात वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के बाद कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही देर में उससे धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते कंटेनर में आग लग गई, जो इतनी भीषण थी कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिससे यह भयावह हादसा हुआ।
स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने की भरपूर कोशिश की। वे बाल्टियों में पानी लेकर पहुंचे, लेकिन आग इतनी तेज थी कि ग्रामीणों की मेहनत भी नाकाम रही। कंटेनर में फ्रिज लदा हुआ था, जिसमें से करीब 90% फ्रिज जलकर पूरी तरह राख हो गए। कंटेनर भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह से जल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर अग्निशमन वाहन पहुंच जाता तो शायद इतने बड़े नुकसान को टाला जा सकता था।
जानकारी के अनुसार, घटना के लगभग एक घंटे बाद गिरिडीह से अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कंटेनर में रखे लगभग सभी फ्रिज जल चुके थे और कंटेनर का ढांचा भी पूरी तरह तबाह हो चुका था। घटना ने यह साफ कर दिया है कि डुमरी अनुमंडल में अग्निशमन व्यवस्था की भारी कमी है, जो आपातकालीन हालातों में लोगों को नुकसान से नहीं बचा पा रही है।
स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर जबरदस्त नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार जिला और स्थानीय प्रशासन को पत्र लिखकर डुमरी अनुमंडल में एक अग्निशमन वाहन की मांग की है, लेकिन प्रशासन ने आज तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू पा लिया जाता, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। अब एक बार फिर ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि डुमरी अनुमंडल में अविलंब अग्निशमन वाहन की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।












