Aba News

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना : अप्रैल और मई की ₹5000 सहायता राशि इसी माह मिलेगी 54 लाख महिलाओं को

रांची। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य की 54 लाख महिलाओं को इस माह अप्रैल और मई की कुल ₹5000 की सहायता राशि उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। यह राशि हर महीने ₹2500 की दर से दी जाती है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने इसके लिए सभी 24 जिलों को ₹6 अरब 9 करोड़ रुपए का बजट आवंटित कर दिया है। वर्ष 2025-26 में इस योजना के सुचारू संचालन के लिए कुल ₹13,363.35 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

विभागीय सचिव मनोज कुमार ने बुधवार को सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर इस आवंटन की जानकारी दी है। पत्र में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि लाभुक महिलाओं को हर महीने की 15 तारीख तक यह राशि उनके खाते में ट्रांसफर की जाए। तीन श्रेणियों में इस फंड का वितरण किया गया है – जनजातीय क्षेत्रीय उपयोजना (TSP) के लिए ₹3,897 करोड़, अन्य क्षेत्रीय उपयोजना (OSP) के लिए ₹4,467 करोड़ और अनुसूचित जातियों के लिए विशेष घटक योजना (SCSP) के तहत ₹1,245 करोड़ आवंटित किए गए हैं।

इससे पहले, 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सरकार ने 38.44 लाख महिलाओं के आधार लिंक खातों में जनवरी से मार्च तक की ₹7,500 की राशि भेजी थी। वहीं, जिन महिलाओं के खाते आधार से लिंक नहीं थे, उन्हें रामनवमी से पहले राशि भेजी गई। अब अप्रैल से आधार लिंक होना अनिवार्य कर दिया गया है। मुख्यमंत्री मंईयां योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को प्रतिमाह ₹2,500 की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

फिलहाल, लाभुकों का सत्यापन कार्य चल रहा है, इसी कारण भुगतान की सटीक तिथि तय नहीं हुई है। विभाग मानकर चल रहा है कि मई माह के अंत तक सभी योग्य महिलाओं के खातों में अप्रैल और मई की राशि भेज दी जाएगी। यह योजना राज्य सरकार की महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उन्हें न सिर्फ आर्थिक सहयोग मिलेगा बल्कि उनका आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान भी बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें