Aba News

क्या पहलगाम आतंकी हमले का है धनबाद से कनेक्शन! एटीएस की छापेमारी में तीन हिरासत में

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की जांच अब झारखंड तक पहुँच गई है। शनिवार सुबह धनबाद के चर्चित वासेपुर इलाके में आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) की टीम ने बड़े स्तर पर छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक, एटीएस ने नूरी मस्जिद के आस-पास और गफ्फार कॉलोनी स्थित अमन सोसायटी में दबिश दी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस दौरान एटीएस ने तीन संदिग्धों — अयन जावेद, युसूफ और कौशर — को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में पर्यटकों को निशाना बनाया गया था, जिसमें 26 लोगों को गोली मारी गई थी। इस हमले के बाद से देशभर में संदिग्ध तत्वों की तलाश तेज कर दी गई है, और धनबाद में हुई यह कार्रवाई उसी कड़ी का हिस्सा है। अचानक हुई इस छापेमारी ने वासेपुर समेत पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

खबर लिखे जाने तक एटीएस की कार्रवाई जारी थी और हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से गहन पूछताछ हो रही है। हालांकि अभी तक अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता से स्पष्ट है कि जांच एजेंसियां किसी भी कड़ी को छोड़ना नहीं चाहतीं। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर आतंरिक सुरक्षा और खुफिया तंत्र की सतर्कता को रेखांकित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें