गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र में ओरा पुल के पास रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जीटी रोड पर एक बड़ा कंटेनर डिवाइडर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। इस कंटेनर में आइसक्रीम से भरी पेटियां लदी थीं, लेकिन हादसे के दौरान बगल से गुजर रही एक मालवाहक गाड़ी भी आग की चपेट में आ गई, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां भरी थीं। देखते ही देखते दोनों गाड़ियां धू-धू कर जल उठीं, हालांकि चालक और खलासी ने किसी तरह अपनी जान बचा ली।

सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फौरन फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये मूल्य की आइसक्रीम और शराब जलकर खाक हो चुकी थी। फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि मालवाहक गाड़ी में लदी शराब की पेटियां वैध थीं या अवैध।












