गिरिडीह : गुरुवार को भाजपा की संगठनात्मक बैठक पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें पूर्व विधायक अनंत ओझा, पार्टी प्रभारी शशिभूषण पंकज और जिलाध्यक्ष महादेव दुबे शामिल हुए। बैठक के बाद अनंत ओझा ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए मेट्रिक पेपर लीक मामले को सरकार की लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि अगर मेट्रिक के पेपर लीक हो सकते हैं, तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।

अनंत ओझा ने राज्य के नगर विकास मंत्री सुद्वीया कुमार सोनू द्वारा भाजपा नेता पर आरोप लगाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि अगर हेमंत सरकार बेगुनाह है, तो CBI जांच की अनुशंसा करने से क्यों कतरा रही है? उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर भाजपा चुप नहीं बैठेगी और आंदोलन करेगी। बैठक में मंडल चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें मार्च तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया गया। इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।












