Aba News

बिहार से बंगाल ले जाए जा रहे बछड़ा समेत 16 पशुओं से लदा मिनी ट्रक बगोदर में जब्त, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर चालक हिरासत में, सभी मवेशी हजारीबाग गौशाला भेजे गए

गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीटी रोड स्थित औरा के पास दुधारू पशुओं से लदे एक मिनी ट्रक को जब्त कर लिया। ट्रक में कुल 16 मवेशी बरामद किए गए, जिनमें 10 गाय और छह बछड़े शामिल हैं। सभी मवेशियों को सुरक्षित हजारीबाग गौशाला भेज दिया गया है, जबकि ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद बगोदर थाना पुलिस को सूचना दिया गया कि बिहार से बंगाल की ओर एक मिनी ट्रक में दुधारू पशुओं को ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग (जीटी रोड) पर औरा के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी संख्या में गाय और बछड़े पाए गए।

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि ट्रक में लदे पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज चालक प्रस्तुत नहीं कर सका। आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने सभी 16 मवेशियों को जब्त कर हजारीबाग गौशाला भेज दिया। वहीं, ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उसके विरुद्ध बगोदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पशुओं को किस उद्देश्य से और किन लोगों के निर्देश पर बिहार से बंगाल ले जाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें