Aba News

कोलड़ीहा में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, चालक हिरासत में; लगातार सड़क हादसों से नाराज लोगों ने स्पीड ब्रेकर लगाने और नाबालिग चालकों पर कार्रवाई की मांग उठाई

गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कोलड़ीहा में गुरुवार रात तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतका की पहचान कोलड़ीहा निवासी पप्पू खान की 47 वर्षीय पत्नी रिफत प्रवीण के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रिफत प्रवीण घर से आवश्यक सामान की खरीदारी कर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान गिरिडीह बाजार से पालगंज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक, जिस पर दो युवक सवार थे, ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद बाइक सवार भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया और नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सदर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग सदर अस्पताल पहुंच गए। महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना करने वाले बाइक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि चालक पालगंज का रहने वाला है और गिरिडीह बाजार से अपने घर लौट रहा था। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

इधर, स्थानीय जनप्रतिनिधि नुरुल होदा ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि कोलड़ीहा में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। आए दिन किसी न किसी दुर्घटना में लोगों की जान जा रही है, जबकि कई लोग घायल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में भी इस इलाके में कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कोलड़ीहा मुख्य सड़क पर कम से कम तीन से चार स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण हो सके। साथ ही नाबालिग लड़कों द्वारा वाहन चलाने पर सख्ती से जांच और कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें

5 करोड़ की सड़क में ‘घोटाले’ का आरोप, ग्रामीणों ने ठेकेदार का काम रुकवाया, बोले, घटिया निर्माण नहीं होने देंगे, कमजोर सामग्री और मानकों की अनदेखी का आरोप, तीन महीने से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं; जांच नहीं हुई तो उपायुक्त से करेंगे शिकायत