महाराष्ट्र के मुंबई में हुए करीब 2.65 करोड़ की हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में मुंबई पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने पंडरिया और सांख गांव से चोरी का लाखों रुपये मूल्य का सोना एवं अन्य सामान बरामद किया है। साथ ही चोरी के पैसों से खरीदी गई एक थार एसयूवी को भी जब्त कर लिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंडरिया निवासी अमित यादव (26), पिता रामबचन प्रसाद यादव तथा सांख निवासी सतीश कुमार (26), पिता पवन मिश्रा मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र के उपसभापति संजय अहीर के घर पर घरेलू कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि दोनों ने लंबे समय तक घर में काम करने के दौरान धीरे-धीरे सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी की।

जब घर से लगातार सामान गायब होने की शिकायत सामने आई तो वर्ली पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान करीब 2 करोड़ 65 लाख की चोरी का मामला उजागर हुआ। इसके बाद वर्ली पुलिस स्टेशन में कांड संख्या 341/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद वर्ली थाना के पीएसआई योगेश थरवकर, एएसआई अरुण घटकर तथा सीआईडी टीम आरोपियों को साथ लेकर गिरिडीह पहुंची। मुंबई पुलिस ने गावां थाना पुलिस के सहयोग से पंडरिया और सांख गांव स्थित आरोपियों के घरों में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 4 लाख मूल्य के सोने के आभूषण एवं अन्य चोरी के सामान बरामद किए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी से प्राप्त रकम का उपयोग कर दोनों आरोपियों ने एक महिंद्रा थार वाहन खरीदा था। पुलिस ने उक्त वाहन को भी जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया।गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि मुंबई पुलिस की कार्रवाई में स्थानीय पुलिस ने पूरा सहयोग किया। बरामद सोना और थार वाहन को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।
फिलहाल मुंबई पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की रकम और सामान का कहीं अन्य जगहों पर भी निवेश या उपयोग किया गया है या नहीं। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।












