Aba News

JSSC परीक्षार्थी की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा! शव रखकर किया सड़क जाम, मुआवजा और नौकरी की मांग

गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के परियाना गांव के समीप रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय उमेश कुमार मंडल की मौत के बाद सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया।इस दौरान टायर जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया गया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, ट्रक चालक की गिरफ्तारी तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की गई।

 

मृतक उमेश कुमार मंडल पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव का निवासी था। वह रविवार को देवघर में आयोजित जेएसएससी परीक्षा देकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। घर से कुछ ही दूरी पर परियाना गांव स्थित स्कूल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उमेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथला-नावाडीह के पास ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं, फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को घटनास्थल पर रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा के स्थायी उपाय सुनिश्चित करने की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही तत्काल राहत के रूप में मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त 50 हजार रुपये की सहायता राशि और दिया जाएगा उसके बाद सार्वजनिक बैठक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुछ निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें