Aba News

17.39 करोड़ की 119 विकास योजनाओं का गिरिडीह में शिलान्यास, मंत्री सुदिव्य कुमार ने गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की दी चेतावनी, अधिकारियों को सख्त निगरानी के निर्देश

गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में सोमवार को बड़ी पहल की गई। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत 119 विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उन्होंने संवेदकों और अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

नगर निगम कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन एवं नारियल फोड़कर की गई। इसके बाद मंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, उपायुक्त, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड पार्षद तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन 119 योजनाओं के पूरा होने से शहर में सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी।

मंत्री ने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संवेदकों को चेतावनी दी कि कम दर पर टेंडर लेने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 27 प्रतिशत या उससे अधिक कम दर पर टेंडर प्राप्त करने वाले संवेदकों के कार्यों की विशेष निगरानी की जाए तथा निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए।इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि नगर निगम बोर्ड के गठन के बाद शहर के समग्र विकास के लिए लगातार योजनाएं तैयार की जा रही हैं। वहीं उप महापौर सुमित कुमार ने कहा कि नगर निगम नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में लोगों ने विकास योजनाओं के शिलान्यास का स्वागत किया। नगर निगम क्षेत्र में 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से शुरू होने वाली इन 119 योजनाओं से शहर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें