गिरिडीह: झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ (JSSTA) की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष चन्द्रमणि प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए योजनामद के शिक्षकों को पिछले छह माह से वेतन नहीं मिलने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। संघ ने कहा कि महासचिव रविन्द्र प्रसाद के प्रयास से करीब डेढ़ माह पहले ही आवंटन प्राप्त हो चुका है, इसके बावजूद वेतन भुगतान नहीं होना संबंधित कार्यालय की उदासीनता को दर्शाता है। संघ ने लंबित वेतन का तत्काल भुगतान तथा सभी शिक्षकों का वेतन प्रत्येक माह 1 से 5 तारीख के बीच नियमित रूप से जारी करने की मांग की।

बैठक में सेवा पुस्तिका में सेवा सम्पुष्टि (कन्फर्मेशन) दर्ज करने, मई 2023 के बाद नियुक्त शिक्षकों की सेवा सम्पुष्टि शीघ्र करने, सभी माध्यमिक विद्यालयों में लिपिक एवं अनुसेवक की नियमित पदस्थापना तथा वर्ष 2010 में नियुक्त शिक्षकों के वरीय वेतनमान निर्धारण की मांग भी उठाई गई। संघ ने निर्णय लिया कि शिक्षकों की मांगों के समर्थन में झारोटेफ द्वारा प्रस्तावित चरणबद्ध आंदोलन में वह सक्रिय भागीदारी निभाएगा। बैठक में जिला संयोजक मुन्ना प्रसाद कुशवाहा, जिला सचिव मो. अख्तर अंसारी, शमा प्रवीण, महेन्द्र प्रसाद दांगी, मिथुन राज, केशरी नन्दन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।












