गिरिडीह जिले के चर्चित सर्जन एवं सदर अस्पताल के पूर्व डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. बी.एन. झा का शव सोमवार सुबह पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी स्थित एक बड़े कुएं से बरामद होने के बाद पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। वे अपने सरल स्वभाव, व्यवहार कुशलता और मरीजों के प्रति समर्पित सेवा के लिए काफी सम्मानित चिकित्सक माने जाते थे।जानकारी के अनुसार, डॉ. झा प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने लखारी स्थित एक कुएं में शव तैरता देखा। इसकी सूचना तत्काल पचंबा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और डॉ. झा के शुभचिंतक जुट गए। अचानक हुई इस घटना से सभी स्तब्ध हैं। भाजपा नेता विनय सिंह सहित कई सामाजिक और राजनीतिक लोगों ने डॉ. झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डॉ. झा जामताड़ा स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। बताया जाता है कि वे पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके पुत्र डॉ. अमृत आनंद दंत चिकित्सक हैं और गिरिडीह में ही निजी प्रैक्टिस करते हैं।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है, दुर्घटना का या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।












