गिरिडीह। हीरोडीह थाना क्षेत्र में शादी के महज एक माह के भीतर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान 19 वर्षीय राजिया खातून के रूप में हुई है। वह भूचारोबाद (आजाद नगर) निवासी रहमत अंसारी की पुत्री थी। उसकी शादी 10 जून 2026 को हीरोडीह थाना क्षेत्र के कुरूमडीहा निवासी अब्जल अंसारी के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि शादी को अभी 29 दिन ही हुए थे और राजिया के हाथों की मेहंदी भी पूरी तरह नहीं छूटी थी कि उसकी मौत की सूचना मिल गई।

मृतका के पिता रहमत अंसारी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ही राजिया की हत्या कर दी गई।घटना की सूचना मिलने पर हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा। देर रात पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। परिजनों का आरोप है कि जब वे शव लेकर ससुराल पहुंचे तो ससुराल पक्ष ने शव लेने से इनकार कर दिया।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह कौवाआम जमुआ – खोरीमहुआ मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका।

इधर, हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों से प्राप्त लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।











