विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति, गिरिडीह द्वारा तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने तंबाकू नियंत्रण जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य खतरों की जानकारी देगा।

उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू की लत व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए हानिकारक है। इससे कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। अभियान के दौरान लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा राष्ट्रीय तंबाकू त्याग हेल्पलाइन 1800-11-2356 और स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध परामर्श सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।












