त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देने वाला पवित्र पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) गुरुवार को गिरिडीह जिले में पूरे धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय में उत्साह देखने को मिला। सुबह होते ही मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। लोगों ने नए परिधानों में सज-धज कर ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचकर विशेष नमाज अदा किया। साथ ही देश और समाज में अमन, चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया।

शहर के बरवाडीह, कोलडीहा, भंडारीडीह, पचंबा, मोहनपुर, विशनपुर, मुस्लिम बाजार, चैताडीह, बक्सीडीह, खरियोडीह, बनखंजो, तेलोडीह और योगीटांड़ समेत कई इलाकों की मस्जिदों और ईदगाहों में सामूहिक नमाज अदा की गई। पर्व को लेकर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखा गया।













