गिरिडीह के सलैया रेलवे स्टेशन पहुंच पथ की जर्जर सड़क को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच धनबाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय ने महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया दी है। सलैया रेल पैसेंजर यूनियन और सलैया संघर्ष मोर्चा द्वारा लगातार उठाए जा रहे मुद्दे पर रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सड़क मरम्मत का कार्य राज्य सरकार के आरसीडी विभाग द्वारा कराया जाना है। रेलवे प्रशासन के अनुसार विभाग की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के लिए आवेदन किया गया है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। पिछले छह रविवार से सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिन्हा और गौतम सोनी के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में बैठकें आयोजित कर यात्रियों की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की जा रही है।

संघर्ष मोर्चा के नेताओं ने कहा कि सलैया स्टेशन पचंबा क्षेत्र, प्रस्तावित इंजीनियरिंग और लॉ कॉलेज सहित आसपास के गांवों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। कार्यकर्ताओं ने सलैया स्टेशन पर इंटरसिटी एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग भी दोहराई। उनका कहना है कि बेहतर सड़क और रेल सुविधाएं मिलने से नगर निगम क्षेत्र की बड़ी आबादी तथा जमुआ-गांडेय क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। आंदोलनकारियों ने सड़क निर्माण, ट्रेन ठहराव और क्षेत्रीय विकास की मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।













