भीषण गर्मी, तेज हवाओं और पचम्बा रोड चौड़ीकरण कार्य के दौरान विद्युत लाइनों को हुए नुकसान से प्रभावित बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने करहरबारी पावर ग्रिड, बस स्टैंड पावर सब स्टेशन और डांडीडीह पावर ग्रिड स्टेशन का निरीक्षण कर मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि 33 केवीए लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने, पोल और ओवरहेड तारों को नुकसान पहुंचने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। विभागीय टीमें युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं और अतिरिक्त संसाधनों के साथ तकनीकी कर्मियों की तैनाती की गई है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने का निर्देश देते हुए कहा कि आमजनों को राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली बहाली के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सामान्य करने के लिए 45 मैनपावर लगातार फील्ड में कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर शकील आलम, मृणाल गौतम तथा सुरजीत उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन और विद्युत विभाग संयुक्त रूप से हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।













