Aba News

धोबारी जंगल में मिला हाथी का शव | वन विभाग में मचा हड़कंप | मौत की वजह जांच के घेरे में

गिरिडीह जिले के सरिया रेंज स्थित धोबारी जंगल में हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मृत हाथी की उम्र लगभग 10 से 12 वर्ष बताई जा रही है। जिस स्थान पर हाथी का शव मिला है, वह क्षेत्र हजारीबाग पूर्वी वन प्रक्षेत्र के अंतर्गत आता है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय वनकर्मी मौके पर पहुंचे। वहीं हजारीबाग पूर्वी वन प्रक्षेत्र के डीएफओ विकास उज्जवल भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और हाथी के पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार इन दिनों क्षेत्र में हाथियों का एक झुंड विचरण कर रहा है। इसी झुंड के एक हाथी की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी में बताया जा रहा है कि हाथी की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। वन विभाग को आशंका है कि हाथी जंगल की घनी झाड़ियों में फंस गया होगा, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जंगल की ओर उमड़ पड़ी। वन विभाग की टीम लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील करती दिखी। विभाग अब यह भी पता लगाने में जुटा है कि झुंड में कुल कितने हाथी थे और मृत हाथी आखिर झाड़ियों में कैसे फंसा।
इस बाबत हजारीबाग पूर्वी वन प्रक्षेत्र के डीएफओ विकास उज्जवल ने बताया कि हाथी की मौत की सूचना मिलने के बाद वे खुद मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें