गिरिडीह शहर के शहरी क्षेत्र स्थित गद्दी मुहल्ला में जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राज कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानों से एक्सपायरी व संदिग्ध खाद्य सामग्री छिपाते नजर आए, लेकिन विभाग की टीम ने सख्ती दिखाते हुए कई दुकानों से एक्सपायरी चिप्स, कुरकुरे सहित अन्य खाद्य सामग्री जब्त की। बिना फूड लाइसेंस दुकान चला रहे दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई और उनसे जुर्माना वसूला गया।

इस दौरान डॉ. राज कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी सूरत में नकली या एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बिना फूड लाइसेंस कारोबार कर रहे दुकानदारों को जल्द से जल्द लाइसेंस बनवाने की चेतावनी दी। विभाग ने आगे भी इस तरह की सघन जांच जारी रखने की बात कही।













