गिरिडीह समाहरणालय सभागार में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं की प्रगति, भविष्य की प्राथमिकताएं और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में लोकसभा सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, विधायक जयराम महतो सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त रामनिवास यादव ने पीएमकेकेवाई योजना की जानकारी साझा की, जबकि उप विकास आयुक्त ने प्रस्तावित योजनाओं का बिंदुवार प्रस्तुतीकरण किया।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला-बाल विकास, खनन प्रभावित क्षेत्रों और पीवीटीजी परिवारों की आजीविका संवर्द्धन से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी गई। साथ ही सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, स्टेडियम और सौंदर्यीकरण कार्यों के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। उपायुक्त ने लंबित योजनाओं को समय पर पूर्ण करने और गुणवत्ता के साथ क्रियान्वयन के निर्देश दिए।












