गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की चांदी की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक गिरोह चोरी किए गए चांदी के जेवरात बेचने की फिराक में है। निर्देश पर एसडीपीओ खोरीमहुआ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से हजरत अंसारी को पकड़ा गया। तलाशी में 32 किलो से अधिक पिघली चांदी की सिल्ली और बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार कुल 35.351 किलोग्राम चांदी बरामद हुई है, जिसकी बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है। आरोपी के खिलाफ धनवार थाना कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।













