जिला गिरिडीह अंतर्गत राष्ट्रीय सूड़ी समाज के संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। संगठन के जिला अध्यक्ष कार्तिक मंडल ने बेंगाबाद प्रखंड के लिए रवि कुमार मंडल को प्रखंड अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किए जाने की घोषणा की है। नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष रवि कुमार मंडल, पिता झगरू मंडल, सामाजिक कार्यों में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और समाज के हित में निरंतर कार्य करते आए हैं।
जिला अध्यक्ष कार्तिक मंडल ने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, समाज को एकजुट करने तथा सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए यह नियुक्ति की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रवि कुमार मंडल अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे तथा बेंगाबाद प्रखंड में राष्ट्रीय सूड़ी समाज को नई दिशा देंगे।
इस अवसर पर जिला स्तर की नई सूची भी जारी की गई, जिसमें कुल 11 अन्य सदस्यों के नाम शामिल हैं। इन सभी पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। नियुक्ति की घोषणा के बाद समाज के लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया। समाज के वरिष्ठ सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने की आशा व्यक्त की।












