गिरिडीह के पंचम्बा स्थित पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय में द्वितीय अभिभावक-शिक्षक बैठक रेशमी देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया और अभिभावकों व गणमान्य लोगों का तिलक-चंदन लगाकर स्वागत किया गया। बैठक में छात्र-छात्राओं के माता-पिता, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति और माता समिति के सदस्य शामिल हुए। प्रधानाध्यापक सह सचिव अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि अभिभावक और शिक्षक के बेहतर समन्वय से ही बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाया जा सकता है।
प्रधानाध्यापक ने विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक और जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी अभिभावकों को दी। इनमें रेल परीक्षा, एफएलएन, निपुण भारत, नशा मुक्ति, छात्र सुरक्षा, शत-प्रतिशत नामांकन व ठहराव, एमडीएम, स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार, आयरन गोली वितरण और शैक्षणिक भ्रमण शामिल हैं। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय, कक्षा, प्रयोगशाला और आईसीटी लैब का भ्रमण कर सुझाव देने तथा बच्चों की कॉपियां नियमित रूप से जांचने की अपील की। साथ ही उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षरों को साक्षर बनाने और 20 सितंबर को होने वाली परीक्षा में भाग लेने की जानकारी दी। बैठक में सैकड़ों अभिभावक मौजूद रहे।












