गिरिडीह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के भैया-बहनों ने संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विजेता विद्यार्थियों के सम्मान में विद्यालय की वंदना सभा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने दीप प्रज्वलन कर किया। प्रतियोगिता में विज्ञान के किशोर एवं शिशु वर्ग, वैदिक गणित के शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग तथा संस्कृति बोध के शिशु एवं किशोर वर्ग में विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कथा कथन के शिशु एवं बाल वर्ग तथा मूर्तिकला प्रतियोगिता में भी विद्यालय के प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आचार्य वर्ग में डॉ. ब्रजेश बर्णवाल ने पत्रवाचन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनकी सफलता का श्रेय अनुशासन, सतत अभ्यास, आचार्यों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। संकुल प्रमुख एवं प्रधानाचार्य आनंद कमल ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी विभाग स्तरीय संस्कृति महोत्सव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।











