गिरिडीह: गावां थाना क्षेत्र में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से 35 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा पटना चौक स्थित भेलवा मुख्य पथ के किनारे उस समय हुआ, जब महिला खेत में धान रोपाई का कार्य करने के बाद अन्य महिलाओं के साथ बरगद के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन कर रही थी। अचानक हुए वज्रपात से मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।मृतका की पहचान पटना चौक निवासी पूनम देवी (35 वर्ष), पति प्रवीण सिंह, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पूनम देवी सुबह से खेत में धान रोपाई का कार्य कर रही थीं। दोपहर में वह अन्य महिलाओं के साथ पेड़ के नीचे बैठकर खाना खा रही थीं। इसी दौरान बिना बारिश के तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और उसकी चपेट में आने से पूनम देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। महिला के तीन छोटे-छोटे बच्चे अपनी मां के शव से लिपटकर बिलखते रहे। मासूमों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के पति प्रवीण सिंह दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।सूचना मिलने पर पटना पंचायत के मुखिया पति राजेंद्र दास, पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र मुआवजा एवं अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
इधर, सूचना मिलने पर गावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।यह हादसा एक बार फिर इस बात की चेतावनी देता है कि मौसम सामान्य दिखने पर भी आकाशीय बिजली का खतरा बना रह सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचना चाहिए, क्योंकि ऐसे स्थानों पर वज्रपात का जोखिम अधिक होता है।











