गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के झरियागादी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए नगद समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य सामान की चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने मुफ्फसिल थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।भुक्तभोगी पिंकी देवी ने बताया कि 22 जुलाई को उनकी मां की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर पूरा परिवार बिहार के जमालपुर स्थित मायके चला गया था। इस दौरान घर पूरी तरह बंद था। 30 जुलाई की रात एक रिश्तेदार ने फोन कर जानकारी दी कि उनके घर का मुख्य दरवाजा का ताला टूटा हुआ है।
सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को परिवार वापस घर पहुंचा तो देखा कि घर के अंदर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व बक्सों के ताले टूटे हुए थे।पिंकी देवी के अनुसार चोर घर से सोने का मांगटीका, गले की चेन, कान के आभूषण, चांदी की पायल, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़िता ने मुफ्फसिल थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और चोरी गए सामान की बरामदगी के साथ दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा चोरों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भी दहशत और नाराजगी का माहौल है।











