Aba News

JPSC-JSSC के कथित घोटालों के विरोध में भाजयुमो का पैदल आक्रोश मार्च, समाहरणालय में प्रदर्शन कर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, छात्रों को न्याय और निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

गिरिडीह: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में हुए कथित घोटालों और अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गिरिडीह द्वारा आक्रोश पैदल मार्च एवं प्रदर्शन का आयोजन किया गया। आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक शामिल हुए।आक्रोश मार्च की शुरुआत पपरवाटांड़ से हुई। यहां से हाथों में पार्टी के झंडे, बैनर और तख्तियां लेकर कार्यकर्ता समाहरणालय पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, युवाओं के भविष्य की रक्षा करने तथा कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

समाहरणालय पहुंचने के बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त रामनिवास यादव के माध्यम से राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा योग्य एवं मेहनती अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की गई।भाजपा नेताओं दिनेश यादव और भाजयुमो संजीव सिंह ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित गड़बड़ियों से राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है। युवाओं का सरकार और भर्ती प्रक्रिया से विश्वास उठता जा रहा है, नौकरी के नाम पर छला गया है, एक एक पाई कर पैसा जुटाते है और बच्चो को अभिभावक पढ़ाते है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, भाजयुमो के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें