गिरिडीह। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की ओर से गुरुवार को नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनके दैनिक जीवन को सुगम और सम्मानजनक बनाना है।इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा हमें सिखाती है कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” उन्होंने कहा कि यदि किसी दिव्यांग व्यक्ति की सेवा करने का अवसर मिले तो इससे बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि जो लोग अब तक अपने दम पर चलने-फिरने में असमर्थ थे, उन्हें अब बैटरी चालित ट्राई साइकिल के रूप में एक नया सहारा मिला है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिला प्रशासन की यह पहल दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी। साथ ही लाभुकों से अपील की कि वे ट्राई साइकिल का सावधानीपूर्वक उपयोग और रखरखाव करें, ताकि लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि पहले चरण में करीब 150 दिव्यांगजनों को चिन्हित किया गया था, जिनमें से लगभग 80 प्रतिशत लोगों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में पात्र लाभुकों के बीच ट्राई साइकिल का वितरण किया जा रहा है। वहीं, जिन दिव्यांगजनों का नाम किसी कारणवश पहले चरण में शामिल नहीं हो सका है, उन्हें दूसरे चरण में लाभान्वित किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे। लाभुकों ने इस पहल के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलने से अब उनके लिए आवागमन काफी आसान हो जाएगा।












