Aba News

गिरिडीह में मछली व्यवसायी से 2.07 लाख लूटकांड का खुलासा, एसआईटी ने पांच अपराधियों को किया गिरफ्तार

गिरिडीह पचम्बा थाना क्षेत्र में मछली व्यवसायी से 2 लाख 7 हजार रुपये की लूट मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो बिना नंबर की मोटरसाइकिल तथा लूटी गई राशि में से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 की सुबह मोहनपुर वन विभाग कार्यालय के सामने गिरिडीह-जमुआ मुख्य मार्ग पर दो बाइक सवार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर मछली व्यवसायी से नकदी से भरा बैग लूट लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर डीएसपी-2 रुपेन्द्र कुमार राणा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपक कुमार वर्मा, पप्पू प्रसाद वर्मा, विजय राय उर्फ बाबा, अशोक दास तथा शंकर दास उर्फ भांगड़ा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने गांडेय थाना क्षेत्र में फाइनेंस कर्मी से 1.46 लाख रुपये की लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और गिरोह के अन्य सदस्यों व घटनाओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें