Aba News

दिनदहाड़े मछली कारोबारी से 2.07 लाख की लूट, बैग छीनकर फरार हुए बदमाश

गिरिडीह। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। गुरुवार सुबह करीब 9:15 बजे मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के समीप मछली कारोबारी से दिनदहाड़े 2.07 लाख की लूट की घटना सामने आई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।जानकारी के अनुसार, जगपतारी निवासी मछली कारोबारी आफताब रैन रोज की तरह बस स्टैंड स्थित मछली मंडी में कारोबार समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने दो बाइक (एक बुलेट और एक टीवीएस) पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

पीड़ित का आरोप है कि अपराधियों ने उनकी कनपटी पर पिस्टलनुमा हथियार सटा दिया और नकदी से भरा बैग छीनकर पचम्बा की ओर फरार हो गए। आफताब रैन ने बताया कि बैग में कारोबार की 2,07,000 नकद राशि रखी हुई थी। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

इस संबंध में पचम्बा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में लोगों ने बैग छीने जाने की पुष्टि की है, हालांकि किसी ने हथियार स्पष्ट रूप से देखने की बात नहीं कही है। उन्होंने बताया कि अबतक पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
[

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें