गिरिडीह।झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। झामुमो कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए टावर चौक पहुंचे, जहां केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका गया।इस दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि देश की राजधानी नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026), सीबीएसई मार्किंग में कथित अनियमितताओं तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और कथित बर्बरता लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की जायज मांगों को सुनने के बजाय उन पर पुलिस बल का प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा प्रदर्शनकारी छात्रों पर की गई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
पुतला दहन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमीला मेहर, उपमहापौर सुमित कुमार, कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रणव वर्मा, पूर्व विधायक केदार हाजरा, रॉकी सिंह, धारा हाजरा, मदनलाल विश्वकर्मा, अजीत सिंह पप्पू, सैफ अली गुड्डू, अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता, कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।












