Aba News

अहिल्यापुर-बरकार के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से 61 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर घायल, प्राथमिक उपचार के बाद धनबाद रेफर, पुलिस जांच में जुटी

गिरिडीह जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र के अहिल्यापुर और बरकार के बीच गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 61 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।मृतक की पहचान धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलियाडीह निवासी अयोध्या प्रसाद यादव (61) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में भघरु यादव (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।परिजनों ने बताया कि अयोध्या प्रसाद यादव का अपने मामा के घर अक्सर आना-जाना लगा रहता था। गुरुवार को भी वे अपने मामा के घर आए थे। रात वे भघरु यादव के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर गुलियाडीह लौट रहे थे। इसी दौरान अहिल्यापुर और बरकार के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। अयोध्या प्रसाद यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि भघरु यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना मृतक के मामा के परिवार के लोगों को दी।सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस के जरिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अयोध्या प्रसाद यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं भघरु यादव की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें धनबाद रेफर कर दिया गया।शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के सदस्यों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की पहचान व अन्य साक्ष्यों के आधार पर छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें