Aba News

गिरिडीह में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकली, पूजा-अर्चना व भंडारे के बाद श्रद्धालुओं ने खींचा रथ

गिरिडीह: शहर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। आईसीआर रोड स्थित पुरातन शिवालय सह छोटकी काली मंडा से रथ यात्रा शुरू होने से पहले भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।पूजा और भंडारे के उपरांत भव्य रथ यात्रा प्रारंभ हुई।

मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने जय जगन्नाथ के जयकारों के बीच श्रद्धापूर्वक रथ खींचकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

रथ यात्रा पुरातन शिवालय से निकलकर तिरंगा चौक, बड़ा चौक, नगर थाना, गद्दी मोहल्ला, कालीबाड़ी, टॉवर चौक, बरगंडा चौक, मकतपुर, शिव मोहल्ला और गांधी चौक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए मौसी बड़ी छोटकी काली मंडा पहुंची। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा।यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के स्वागत, पेयजल, शरबत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ मार्गों पर अस्थायी बदलाव भी किए गए।

मंदिर समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रथ मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए रथ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें