Aba News

डीजे के 13 हजार रुपये बकाया को लेकर खूनी विवाद, तिसरी के कुंडी गांव में लाठी से पीटकर 65 वर्षीय बुजुर्ग जागेश्वर भुला की हत्या, आरोपी रामा खेरवार गिरफ्तार

गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत मनसाडीह ओपी क्षेत्र के कुंडी गांव में डीजे का बकाया पैसा मांगने को लेकर हुए विवाद में 65 वर्षीय जागेश्वर भुला की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार शाम की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामा खेरवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, कुछ माह पूर्व जागेश्वर भुला के घर में शादी समारोह आयोजित हुआ था। इस दौरान उनके कहने पर गांव के ही रामा खेरवार ने 13 हजार रुपये किराये पर डीजे की व्यवस्था कराई थी। आरोप है कि समारोह के बाद भी जागेश्वर भुला ने डीजे का किराया नहीं चुकाया। बाद में रामा खेरवार को स्वयं डीजे संचालक का बकाया भुगतान करना पड़ा। इसके बाद से वह लगातार जागेश्वर भुला से अपनी राशि वापस मांग रहा था।

सोमवार को भी रामा खेरवार बकाया रकम मांगने जागेश्वर भुला के घर पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में रामा खेरवार ने लाठी से जागेश्वर भुला के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही मनसाडीह ओपी प्रभारी अरविंद ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मनसाडीह ओपी लाया और मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं छापेमारी कर आरोपी रामा खेरवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस के समक्ष कहा कि उसने जानबूझकर हत्या नहीं की, बल्कि झगड़े के दौरान लाठी लगने से जागेश्वर भुला की मौत हो गई।खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कुंडी गांव में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें