गिरिडीह: जिले के बेंगाबाद मुख्य बाजार स्थित सर्कस मैदान के समीप मंगलवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने घर के बाहर खड़ी मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार धू-धू कर जल गई और पूरी तरह राख हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।


वाहन मालिक माशूम कुमार ने बताया कि वह 13 जुलाई को तिसरी से लौटे थे और कार घर के बाहर खड़ी कर दी थी। मंगलवार देर रात अज्ञात लोगों ने वाहन में आग लगा दी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के बाद माशूम कुमार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा आग लगाने वालों की तलाश में जुट गई है।












