गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धनयडीह स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय में चोरों ने धावा बोलकर विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। बदमाशों ने नए स्कूल भवन के कई कमरों के ताले और दरवाजे तोड़कर प्रोजेक्टर, साउंड सिस्टम, प्रयोगशाला सामग्री सहित कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपकरण चोरी कर लिए। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।विद्यालय के प्राचार्य भुवनेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि 13 जुलाई को विद्यालय बंद कर सभी कमरों में ताला लगाया गया था। मंगलवार की सुबह विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने मुख्य गेट का ताला टूटा होने की सूचना दी। इसके बाद विद्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया गया तो कार्यालय, पुस्तकालय, प्रयोगशाला सहित कई कमरों के ताले और दरवाजे टूटे मिले।

जांच के दौरान विद्यालय से साउंड बॉक्स, माइक्रोफोन, प्रोजेक्टर का यूपीएस, प्रयोगशाला के उपकरण, तीन पंखे तथा अन्य शैक्षणिक सामग्री गायब मिली। इसके अलावा कई सामानों में तोड़फोड़ भी की गई है। इस घटना से विद्यालय को आर्थिक नुकसान पहुंचा है, वहीं शिक्षण कार्य भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना तत्काल मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। विद्यालय प्रशासन सीसीटीवी फुटेज और शिक्षकों के बयान एकत्र कर पुलिस को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां देखी गई थीं, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।

मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इधर विद्यालय प्रबंधन ने चोरी गए शैक्षणिक उपकरणों की शीघ्र व्यवस्था कराने तथा विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग प्रशासन से की है।












