Aba News

बगोदर थाना से महज 250 मीटर दूर दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला के गले से लाखों की सोने की चेन झपटी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, एक संदिग्ध हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी

गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बगोदर बाजार में दिनदहाड़े हुई छिनतई की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के दरवाजे पर बैठी 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से 1 लाख अधिक की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। खास बात यह है कि यह वारदात बगोदर थाना से महज करीब 250 मीटर की दूरी पर पुरानी जीटी रोड स्थित भीड़-भाड़ वाले इलाके में हुई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार, बगोदर बाजार निवासी 65 वर्षीय लता गुप्ता, पति नरेंद्र गुप्ता, अपने घर के दरवाजे के अंदर बैठी थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके घर के सामने आकर रुके। एक युवक हेलमेट पहने बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा टोपी पहनकर घर के अंदर पहुंचा।

उसने पहले बुजुर्ग महिला से हालचाल पूछा और बातचीत के बहाने उनका ध्यान भटकाया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पातीं, उसने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और बाइक पर बैठे साथी के साथ फरार हो गया।घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा किया। सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस भी सक्रिय हुई। थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है।

बताया जा रहा है कि घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दिखाई दे रहे बदमाश का हुलिया हिरासत में लिए गए युवक से काफी हद तक मिलता-जुलता बताया जा रहा है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है तथा दूसरे आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें