Aba News

मतदाता सूची होगी पूरी तरह अपडेट! गिरिडीह में SIR-2026 अभियान तेज, घर-घर पहुंच रहे BLO

गिरिडीह भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत गिरिडीह जिले में मतदाता सूची के अद्यतन और शुद्धिकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की नियमित समीक्षा की जा रही है। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) और वरीय अधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। वहीं बूथ स्तर पदाधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं, उन्हें फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझा रहे हैं और समय पर प्रपत्र एकत्रित कर रहे हैं। साथ ही प्राप्त सूचनाओं के डिजिटाइजेशन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित और अद्यतन बनाई जा सके।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने-अपने BLO को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए समय पर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएं। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि SIR-2026 अभियान के माध्यम से गिरिडीह की मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित और सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें