Aba News

गिरिडीह के 2 लोगों की बिहार में सड़क हादसे में मौत.कैमूर में पुलिया से टकराई ट्रक, झपकी के कारण हुआ हादसा, ट्रक पर लदे सरिया के नीचे दबे चालक-खलासी

गिरिडीह: बिहार के कैमूर जिले में गुरुवार की सुबह हुए सड़क हादसे में गिरिडीह जिले के दो लोगों की मौत हो गई.मृतकों में बगोदर थाना क्षेत्र के चौधरीबांध पंचायत के कोड़ाडीह निवासी भुवनेश्वर यादव और डुमरी थाना क्षेत्र के बड़की बेरगी निवासी शंकर यादव शामिल हैं.घटना की खबर मिलते ही दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.जानकारी के अनुसार कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के परमालपुर के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई.हादसा इतना भयावह था कि ट्रक चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक शंकर यादव ट्रक का मालिक होने के साथ खुद ड्राइवर था, जबकि भुवनेश्वर यादव खलासी के रूप में उसके साथ था.

चौधरीबांध पंचायत के मुखिया संजय यादव ने घटना को दुखद बताया है. उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिजन कैमूर के लिए रवाना हो गए हैं.बताया जाता है कि ट्रक सासाराम की तरफ से मोहनिया की ओर जा रही थी. कैमूर पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला कि चालक को चलते समय झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए सीधे पुलिया की दीवार से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इसी दौरान ट्रक पर लदा सरिया आगे की ओर खिसक गया और चालक-खलासी उसी के नीचे दब गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद कोड़ाडीह और बड़की बेरगी गांव में मातम का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें