Aba News

मधुबन के बीएसएनएल कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, कमरे में भर गया धुआं, दमकल और स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते पाया गया आग पर काबू, टला बड़ा हादसा

गिरिडीह के मधुबन स्थित बीएसएनएल कार्यालय में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगते ही कार्यालय के एक कमरे में धुआं भर गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों, कार्यालय कर्मियों और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यालय के विद्युत तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। देखते ही देखते धुआं पूरे कमरे में फैल गया। घटना के दौरान कार्यालय के नीचे स्थित एक फल दुकान की छत पर भी चिंगारी पहुंच गई, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझा दी, जिससे आग फैलने से रोक लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। आग बुझाने के बाद पूरे परिसर की जांच की गई ताकि दोबारा किसी प्रकार की चिंगारी या खतरा न रहे।इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बीएसएनएल कार्यालय को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया। घटना के बाद कुछ समय तक आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा विद्युत व्यवस्था की भी जांच कराई जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें