गिरिडीह। शहर के बीचों-बीच स्थित डॉक्टर लेन में रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लोगों ने एक व्यक्ति को कचरे के ढेर के पास पड़ा हुआ देखा। शुरुआत में स्थानीय लोगों को लगा कि वह शराब के नशे में सो रहा है, इसलिए किसी ने उस पर विशेष ध्यान नहीं दिया।इसी दौरान लगातार हो रही तेज बारिश के बावजूद जब वह व्यक्ति काफी देर तक उसी अवस्था में पड़ा रहा और उसमें कोई हलचल नहीं हुई, तो लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद कुछ स्थानीय लोग उसके पास पहुंचे और उसे उठाने का प्रयास किया। जांच करने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के साथ-साथ मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।












