गिरिडीह जमुआ–कोडरमा मुख्य मार्ग पर करमाटांड़ के पास मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लोहे के पाइप से लदा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर कोडरमा से जमुआ की ओर जा रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। दुर्घटना में ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदे लोहे के पाइप सड़क किनारे दूर तक बिखर गए।

हादसे में चालक मुंजेश कुमार यादव (35), निवासी गया, गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुनसान इलाके में होने के कारण बड़ी जनहानि टल गई। सूचना पर पहुंची घोड़थम्भा ओपी पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।












