गिरिडीह के सिरसिया स्थित बिरसा चौक से पुराने पुल तक जाने वाली सड़क की हालत बारिश के इस मौसम में बद से बदतर हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गड्ढे और जलजमाव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि अब तक कई बार टोटो पलट चुके हैं, वहीं मोटरसाइकिल सवार भी असंतुलित होकर गिर चुके हैं, जिससे गंभीर चोटें आई हैं।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या की शिकायत अपने वार्ड पार्षद तक पहुंचाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाएगा। खराब सड़क ने जहां लोगों के आवागमन को मुश्किल बना दिया है, वहीं आसपास रहने वाले लोगों की दैनिक दिनचर्या पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।













