गिरिडीह : होली के दौरान जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए समाहरणालय में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए, खासकर अवैध शराब बिक्री, तेज रफ्तार वाहन चलाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल नजर रखेगी, जिससे त्योहार उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।

उप विकास आयुक्त ने पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, नगर निगम सहित सभी विभागों को एक्टिव रहने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और सभी थाना प्रभारियों को विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से सभी लोगों से शांति और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की गई।












