विद्या भारती के ‘नमामि भारतम्–वंदे मातरम् सामूहिक गायन’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में भव्य राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। निर्धारित समय सुबह 11 बजे विद्यालय सहित शहर के 10 संस्थानों के कुल 6714 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक साथ एक स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान आरएसडी पब्लिक स्कूल, एलएनपी स्कूल, गुरुकुलम, किरण पब्लिक स्कूल, गुरुनानक पब्लिक स्कूल समेत अन्य संस्थानों के विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए।
प्रबंध समिति सचिव डॉ. शालिनी खोवाला ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गायन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और भारत माता के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति है। संयोजक नलिन आचार्य ने इसे राष्ट्र की चेतना का गान बताया। जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी और मेयर प्रमिला मेहरा ने इसे गौरव गीत बताते हुए कार्यक्रम की सराहना की। प्रधानाचार्य आनंद कमल ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। मंच संचालन आचार्य अजित मिश्र ने किया। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग और शिक्षक मौजूद रहे।












