गिरिडीह: निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रांगामाटी रेलवे गुमटी के समीप मंगलवार की अहले सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना अप रेल लाइन पर पोल संख्या 317/5एफ एवं 317/6 के बीच की बताई जा रही है। युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे स्थानीय लोगों की नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल रेलवे पुलिस (जीआरपी) गोमो एवं निमियाघाट थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी गोमो की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास भी शुरू कर दिया है।हादसा या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस जीआरपी अधिकारियों के अनुसार घटना सुबह करीब 4:30 बजे के आसपास की प्रतीत होती है। हालांकि युवक किस ट्रेन की चपेट में आया, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। वहीं यह दुर्घटना थी या युवक ने किसी कारण से आत्महत्या की, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।












