गिरिडीह के रामकृष्ण महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) में नामांकन के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें करीब 91 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। चयन के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, सामान्य ज्ञान, मानसिक क्षमता और व्यक्तित्व का आकलन किया गया। आयोजन का उद्देश्य योग्य और अनुशासित विद्यार्थियों का चयन कर उनमें राष्ट्रसेवा, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना विकसित करना रहा। 22 झारखंड बीएन एनसीसी हजारीबाग से पहुंचे सूबेदार बलबिंदर सिंह, सूबेदार नरेंद्र राणा और हवलदार सनी देओल ने छात्राओं को एनसीसी के महत्व और उद्देश्यों की जानकारी दी।
प्राचार्य डॉ. कृष्णानन्द शर्मा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। सीटीओ डॉ. पूनम प्रभा मुंडू ने बताया कि चयनित कैडेट्स को विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सकेगा। कार्यक्रम में डॉ. अनुज कुमार सिन्हा, डॉ. दीपिका कुमारी, डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, प्रो. रेणुका साहू, पीटीआई पूनम कुमारी, महेंद्र, मोहन चिंता, प्रतिमा देवी समेत एनसीसी कैडेट्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा।












